– सुनाई श्रीकृष्ण जन्म की कथा, 18 मार्च को हवन-यज्ञ व विशाल भंडारे के साथ होगा समापन
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के सुरेशिया मोहल्ले में बलराम यादव के घर के नजदीक चल रहे श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस सात दिवसीय कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान की कथा श्रवण कर रहे हैं और भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं।
रविवार को आयोजित कथा के दौरान कथावाचक पंडित अजय कृष्ण शास्त्री (वृंदावन वाले) ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।

उन्होंने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। कंस के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने और धर्म की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। कथा के दौरान पंडित अजय कृष्ण शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग को विस्तार से सुनाया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। इस अवसर पर भजन गायक पंडित विजय कुमार शर्मा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े भजनों का सुंदर गुणगान किया गया। भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु झूम उठे। कई श्रद्धालुओं ने भजनों पर भावपूर्ण नृत्य भी किया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सोमवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा गोवर्धन पर्वत की कथा का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भगवान की बाल लीलाएं और गोवर्धन धारण की कथा श्रद्धालुओं को धर्म, आस्था और प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है। समिति ने बताया कि यह श्रीमद् भागवत कथा 11 मार्च से निरंतर चल रही है, 18 मार्च को कथा का समापन हवन-यज्ञ में पूर्ण आहुति के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन रखा गया है, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। उक्त आयोजन को सफल बनाने में केशव सिंह राजावत, प्रेमवीर सिंह परिहार, सुधीर मिश्रा, धर्मवीर सिंह ,सुरेश कुशवाहा, महेंद्र सिंह ,लक्ष्मण सिंह, शिव कुमार, सूरज सिंह, गंगा सिंह, अतर सिंह, शोपत सिंह, रामप्रताप सिंह, नेपाल सिंह, प्रमोद सिंह ,गोविंद सिंह, बिशन सिंह व अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
