हनुमानगढ़। मदान इंटरनेशनल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा लावण्या बारा ने स्केटिंग के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय, परिवार और हनुमानगढ़ का गौरव बढ़ाया है। कक्षा 10 की छात्रा लावण्या ने अपनी खेल प्रतिभा, कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। शिक्षा विभाग राजस्थान की ओर से संगरिया के रतनपुरा स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में लावण्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इसके बाद जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी लावण्या ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। जिला और राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन के परिणामस्वरूप अब उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। लावण्या की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक सुनील मदान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लावण्या ने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या भावना मित्तल ने लावण्या को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। लावण्या ने जिला स्तर पर तीन स्वर्ण पदक और राज्य स्तर पर रजत एवं कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि लावण्या राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगी। स्केटिंग कोच सद्दाम हुसैन ने बताया कि लावण्या की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, माता-पिता का सहयोग और विद्यालय की ओर से मिला प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन के बाद अब लावण्या का लक्ष्य देश के सर्वोच्च प्रतिस्पर्धी मंच पर शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करना है।
