हनुमानगढ़। सांचौर में आयोजित राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले की 14 वर्षीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। सोमवार को विजेता खिलाड़ी हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां खेलप्रेमियों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों को रंग-गुलाल लगाकर और मालाएं पहनाकर जीत की बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक प्रेम दूधवाल सहित संबंधित स्कूलों का स्टाफ, खिलाड़ियों के अभिभावक एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। गांव मक्कासर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल सीमा झाम्ब ने कहा कि बच्चों के लिए जीवन में सिर्फ शिक्षा ही जरूरी नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ खेल भी उतना ही महत्वपूर्ण है। खेलों में हिस्सा लेने से बच्चों का मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है। साथ ही उनमें एकजुट रहने और टीम भावना से खेलने की भावना विकसित होती है। शारीरिक शिक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि सॉफ्टबॉल में हनुमानगढ़ का नाम करीब वर्ष 2011 से स्वर्णिम दौर में चल रहा है। 14 वर्षीय वर्ग की बात करें तो पिछले करीब छह वर्षांे से छात्र और छात्रा दोनों वर्गांे में हनुमानगढ़ का प्रदर्शन पूरे राजस्थान में श्रेष्ठ रहा है। छात्रा वर्ग में इस उपलब्धि का श्रेय चम्पा रानी और जसवीर सिंह को जाता है। उन्होंने बताया कि सांचौर में आयोजित प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की टीम ने फाइनल तक कुल सात मुकाबले खेले। पूरे टूर्नामेंट में विपक्षी टीमों के खिलाड़ी हनुमानगढ़ के खिलाफ एक भी स्कोर नहीं कर सके। उन्होंने इसे हनुमानगढ़ के साथ-साथ पूरे राजस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
