हनुमानगढ़। जिले की अंडर-14 बालिका हैंडबॉल टीम ने जालौर के आहोर में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। टीम के हनुमानगढ़ लौटने पर सोमवार को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खेलप्रेमियों एवं परिजनों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक प्रेम दूधवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने टीम की खिलाड़ियों, कोच, स्कूल स्टाफ एवं अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने मोबाइल फोन और नशा दो बड़ी चुनौतियां हैं, जबकि खेल बच्चों और युवाओं को इनसे दूर रखने के साथ स्वस्थ एवं सुयोग्य नागरिक बनने में मदद करता है। टीम में शामिल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सतीपुरा की छात्रा रागिनी ने बताया कि टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल मुकाबला भीलवाड़ा की टीम के साथ हुआ, जिसमें हनुमानगढ़ की टीम उपविजेता रही। रागिनी ने युवाओं से अधिक से अधिक खेल मैदान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से जिले और देश के लिए पदक हासिल किए जा सकते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम के उपविजेता रहने पर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल रहा।
