हनुमानगढ़। रामनवमी व नववर्ष के उपलक्ष्य में 29 मार्च, रविवार को शहर की सभी सुंदरकांड व भजन मंडलियों के तत्वावधान में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन टाउन में जंक्शन रोड स्थित हनुमान मंदिर के समीप बंद पड़े रिलायंस पेट्रोल पंप स्थल पर आयोजित होगा। आयोजन को लेकर शहरभर में तैयारियां जोरों पर हैं। विश्व हिन्दू परिषद व सर्व हिन्दू समाज की ओर से व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजन स्थल पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था के साथ छांव, पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। रामभक्तों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं, वहीं शहर के चौक-चौराहों को सजाने का कार्य भी जारी है।

आयोजन में विशेष रूप से मातृ शक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा ने बताया कि ‘राम की भावना, राम का चरित्र, हम सबमें राम, सबके रामÓ इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने सभी वर्गांे के लोगों से बिना किसी भेदभाव के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम लेने से सभी कष्ट दूर होते हैं और इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं।

