नोहर। कस्बे में 2 अप्रैल को निकाली गई विराट रामोत्सव धर्मयात्रा की ऐतिहासिक सफलता के बाद श्रद्धा और उत्साह का माहौल और भी प्रबल हो गया है। इसी कड़ी में शादीराम पचीसिया संस्कृत पाठशाला में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें धर्मयात्रा में श्रमदान व सहयोग करने वाले 85 युवक-युवतियों को सम्मानित किया गया। समाजसेवी एवं भामाशाह सुरेश पांडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ऊन वाली गली स्थित जगदंबा साड़ी सेंटर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को सम्मान पत्र व पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। वहीं दुर्गा वाहिनी के रूप में सेवा देने वाली बेटियों को दुपट्टा ओढ़ाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में धर्मयात्रा संयोजक रमेश वड़सीवाल एवं भालाराम खाती का भी विशेष सम्मान किया गया। भालाराम खाती एवं उनकी टीम ने यात्रा के दौरान चौक-चौराहों की सजावट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को पूरी निष्ठा से संभालते हुए आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। समारोह के दौरान हर वर्ष इसी प्रकार विराट रामोत्सव धर्मयात्रा आयोजित करने का संकल्प भी दोहराया गया। इस अवसर पर राकेश जोशी, बजरंग स्वामी, महिपाल सैनी, चौथमल पांडिया, विशाल पांडिया, अजय राजपूत, अशोक सोनी, सोनू शर्मा, बेबी पारीक, सुशील तिवाड़ी, राजू सरावगी सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।
संवाददाता- संतोष कंकर
