– सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं फूड टेस्टिंग डेमोस्ट्रेशन आयोजित
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के नेतृत्व एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में संचालित सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न विद्यालयों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के साथ-साथ खाद्य मिलावट से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित जागरुकता कार्यक्रमों की शृंखला में आज मंगलवार को रावतसर के वार्ड नं. 14 में संचालित बालिका सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुपम चोयल एवं लैब असिस्टेंट पवन कुमार ने बच्चों को महत्वपूर्ण पोषण संबंधी जानकारी दी। इसी प्रकार, पीलीबंगा में संचालित पीएमश्री सरकारी सीनियर सैकण्डरी स्कूल एवं पीलीबंगा में गांव दुलमानी जाटान में संचालित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में बच्चों को जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से खाद्य पदार्थों में मिलावट, खाद्य लेबल, पैकेजिंग, खाद्य पदार्थों से होने वाली बीमारियों तथा मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि खाद्य सामग्री खरीदते समय केवल उसकी कीमत एवं आकर्षक पैकेजिंग पर ध्यान न देकर पैकेट पर अंकित आवश्यक जानकारी को भी ध्यानपूर्वक पढऩा चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर, सामग्री की जानकारी, पैकेजिंग की स्थिति तथा अन्य आवश्यक विवरण जांचने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पैकेट खुला, क्षतिग्रस्त या संदिग्ध स्थिति में होने पर ऐसे खाद्य पदार्थों की खरीद से बचना चाहिए। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से संग्रहित करना, स्वच्छ पानी का उपयोग करना तथा भोजन तैयार करने एवं खाने से पहले हाथों की अच्छी तरह सफाई करना स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हाथ धोने की सही विधि भी समझाई गई।
