रावतसर। शहर के सामाजिक एवं शैक्षणिक केंद्र के रूप में विख्यात डॉ. अंबेडकर भवन को लेकर चल रहे विवाद के बीच 6 मार्च 2026, शुक्रवार को प्रातः 11:00 बजे जिला महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम डॉ. अंबेडकर भवन, रावतसर (हनुमानगढ़) में आयोजित होगा। आयोजन की जिम्मेदारी डॉ. अंबेडकर नव युवक संघ एवं समस्त सामाजिक संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जा रही है। आयोजकों के अनुसार, डॉ. अंबेडकर भवन पिछले कई वर्षों से सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां निःशुल्क पुस्तकालय का संचालन किया जाता है तथा समय-समय पर शैक्षणिक, सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। भवन से बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आमजन लाभान्वित होते रहे हैं। हाल ही में नगर पालिका प्रशासन द्वारा पुस्तकालय बंद कराने तथा संबंधित पदाधिकारियों पर मुकदमे दर्ज कराने की चेतावनी दिए जाने के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है। आयोजकों का कहना है कि यह कदम जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। इसी संदर्भ में प्रस्तावित जिला महापंचायत के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर शिक्षा एवं सामाजिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। महापंचायत में जिले भर से सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा एवं आम नागरिकों की भागीदारी अपेक्षित है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं के संरक्षण और जनहित के मुद्दों को उठाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
