बाड़मेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बाड़मेर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दौरा कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश, किसानों की खुशहाली, सामाजिक समरसता तथा 4 जुलाई को प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की। भाजपा प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम पहुंचा, जहां श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी तथा श्री काला-गौरा भैरूजी के दर्शन-पूजन किए गए। इस अवसर पर प्रदेश की शांति, जनकल्याण, राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि की कामना की गई। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम ओड (रामदेवरा), नरेश ओझा सहित प्रदेश, जिला और स्थानीय स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। मंदिर संस्थान के प्रवक्ता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें मंदिरों के इतिहास, धार्मिक परंपराओं तथा संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए संचालित सेवा, प्रबंधन और विकास कार्यों की जानकारी दी। दर्शन-पूजन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर में विकसित दर्शन व्यवस्था, आवास सुविधा, प्रसाद वितरण, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य श्रद्धालु सुविधाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में किए गए विकास कार्यों और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे अन्य धार्मिक संस्थानों के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पहली बार जसोलधाम के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना करते हुए आगामी 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भी विशेष प्रार्थना की। इसी दौरान श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक के अध्यक्ष बादल सिंह एवं ट्रस्ट मंडल के सदस्य भी जसोलधाम पहुंचे और मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली, श्रद्धालुओं के लिए विकसित सुविधाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि देशणोक करणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से जसोलधाम की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया, ताकि यहां की उत्कृष्ट और श्रद्धालु-केंद्रित व्यवस्थाओं को आवश्यकता अनुसार वहां भी लागू किया जा सके। जसोलधाम के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने संत शिरोमणि श्री रावल मल्लीनाथ जी मंदिर, मालाजाल तथा श्री राणी रूपादे जी मंदिर, पालिया (तिलवाड़ा) में भी विधिवत दर्शन-पूजन किया। यहां प्रदेश में समय पर अच्छी बारिश, किसानों की समृद्धि, गौ-संवर्धन, सामाजिक सौहार्द और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की गई। श्री रावल मल्लीनाथ-श्री राणी रूपादे संस्थान, तिलवाड़ा के ट्रस्टी एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरिशचंद्र सिंह जसोल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों देवस्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व, लोकआस्था तथा संस्थान की ओर से संचालित संरक्षण एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसरों का अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। दर्शन-पूजन के दौरान भाजपा नेताओं ने संत शिरोमणि श्री रावल मल्लीनाथ जी और श्री राणी रूपादे जी के श्रीचरणों में प्रदेश में पर्याप्त वर्षा, किसानों की खुशहाली, जनकल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम के सफल, भव्य और निर्विघ्न आयोजन की भी मंगलकामना की।
