– छह हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद, आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले, 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे आरोपी, तीन आरोपी हिस्ट्रीशीटर
हनुमानगढ़। लखूवाली गांव में जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर एवं 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी इरफान खान उर्फ फान सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, पांच देशी कट्टे, 10 जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। मामले में पुलिस की ओर से आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के लिए हनुमानगढ़ टाउन थाना, लखूवाली चौकी, शेरगढ़ चौकी, जिला विशेष टीम, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स सहित 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश की। इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, टोल नाकों से जानकारी जुटाई गई और संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस ने ड्रोन की मदद से खेतों और बीहड़ क्षेत्रों में भी आरोपियों की तलाश की। सोमवार को एसपी बी आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30-31 अगस्त की मध्यरात्रि में हनुमानगढ़ से रावतसर जाने वाले मेगा हाइवे पर शेरगढ़ चौकी के पास नाकाबंदी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक बाइक पर दो युवक भारतमाला रोड से चक 22 एनडीआर की तरफ भागे हैं और उनमें फायरिंग प्रकरण का वांछित आरोपी इरफान खान भी है। सूचना पर पुलिस टीम ने चक 22 एनडीआर आदर्शनगर सेमनाला क्षेत्र में पहुंचकर तलाश शुरू की। लिंक रोड पर सामने से बाइक आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में दोनों युवक बाइक से गिर गए। पुलिस ने मौके पर दोनों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान इरफान खान उर्फ फान (32) पुत्र काले खां निवासी 11 आरपी रोही लखूवाली के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके साथ मौजूद प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर (29) पुत्र जसपाल जाट निवासी चक 6 टीकेडब्ल्यू, ताखरांवाली पीएस लालगढ़, जिला श्रीगंगानगर के कब्जे से भी हथियार बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के संबंध में पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद अलग-अलग टीमों को उनकी तलाश में रवाना किया गया। टीमों ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संगठित रूप से एक गिरोह संचालित करते हैं और अवैध तरीके से हथियार रखते हैं। लोगों पर फायरिंग करते हैं। मर्डर करने की साजिश करते हैं। गिरफ्तार छह आरोपियों में तीन एचएस हैं। इनमें दो टाउन थाना क्षेत्र के और जबकि एक लालगढ़ थाने का एचएस है।
ये छह आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस की ओर से इरफान खान उर्फ फान व प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर के अलावा जुमे खां (40) पुत्र बरकत अली निवासी चक 11 आरपी, लखूवाली हैड, जुम्मे खां (25) पुत्र अकलीम खां उर्फ किमा निवासी वार्ड नंबर 12, चक 3 एलके, लखूवाली हैड, इब्राहिम (20) पुत्र नूरजहां निवासी चक 11 आरपी, लखूवाली हैड और नदीम खान (19) पुत्र जुमे खान निवासी चक 11 आरपी, लखूवाली हैड को गिरफ्तार किया गया है। एसपी के अनुसार इरफान खान हनुमानगढ़ टाउन थाने का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में करीब 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

उसकी गिरफ्तारी पर बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वहीं प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर के खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट सहित करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। जुमे खां हनुमानगढ़ टाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में हनुमानगढ़, बीकानेर, श्रीगंगानगर और सिरसा में चोरी, मारपीट सहित करीब दो दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जुम्मे खां के खिलाफ पूर्व में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इब्राहिम के खिलाफ पूर्व में पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कुल छह हथियार और 10 कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल छह हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक 32 बोर पिस्टल, दो 12 बोर देशी कट्टे, दो 315 बोर देशी कट्टे और एक 410 बोर देशी कट्टा शामिल है। इसके अलावा 10 जिंदा कारतूस और एक बाइक भी जब्त की गई है। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों से हथियारों के स्रोत और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
लखूवाली फायरिंग प्रकरण में पहले से दर्ज था मामला
एसपी के अनुसार लखूवाली में फायरिंग की घटना के संबंध में परिवादी जुमे खां पुत्र मंजूर अली निवासी वार्ड नंबर 1, लखूवाली की रिपोर्ट पर हनुमानगढ़ टाउन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने परिवादी की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया और गाड़ी के शीशे पर लाठी मारने के बाद पिस्तौल से फायर किया।

इसके बाद लखूवाली तिराहे पर दोबारा गाड़ी रोककर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार इरफान खान उर्फ फान और प्रियकांत उर्फ टोनी पुलिस से बचकर भागते समय बाइक से गिरने के कारण घायल हो गए थे और दोनों का उपचार चल रहा है। मामले में हथियारों की सप्लाई कहां से हुई और गिरोह से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग हैं, इस संबंध में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
पूरे परिवार के साथ मिलकर चलाता था बड़ा नशा तस्करी सिंडिकेट
एसपी बी आदित्य के अनुसार गिरफ्तार इरफान खान उर्फ फान थाना हनुमानगढ़ टाउन का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में करीब 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह अव्वल दर्जे का बदमाश तथा नशा तस्कर है, जो अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर एक बड़ा नशा तस्करी सिंडिकेट चलाता था। इरफान खान के पूरे परिवार के सदस्यों के खिलाफ 100 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।

कुछ दिन पूर्व इरफान खान, उसकी मां जैबा बीबी और सास सहजादा बीबी उर्फ साजिया की नशा तस्करी से अर्जित तीन करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज की गई थी। इरफान की गिरफ्तारी पर बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हनुमानगढ़ थाना प्रभारी लखवीर सिंह, एसआई सुशील कुमार, ज्योति, एएसआई किशोर मान, राजाराम स्वामी, कमलजीत सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, महेन्द्र कुमार, प्रवीण, बाबूलाल, कांस्टेबल रमेश, ओमप्रकाश, रामनारायण, सेठु, राकेश कुमार, लखविन्द्र सिंह, जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ व नोहर के प्रभारी एसआई ताराचंद, एएसआई धर्मपाल, दुलाराम, हेड कांस्टेबल सुखदेव, भजनलाल, कांस्टेबल देवकरण, रोशन, मनीष, सुखजोत, जोतराम, फारूख, अमित, एजीटीएफ के कांस्टेबल सुलेन्द्र भांभू, अरविन्द सिहाग शामिल रहे। इस कार्रवाई में एजीटीएफ के कांस्टेबल अरविन्द सिहाग और लखूवाली पुलिस चौकी के कांस्टेबल राकेश कुमार की विशेष भूमिका रही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी अरविन्द बिश्नोई भी मौजूद रहे।
