हनुमानगढ़। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के केन्द्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर गुरुवार को हनुमानगढ़ लोको लॉबी परिसर में विजय दिवस मनाया गया। इस दौरान स्थानीय शाखा के नेतृत्व में हनुमानगढ़ और आसपास के रेल खंडों से पहुंचे लोको रनिंग स्टाफ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और सभा आयोजित की। कर्मचारियों ने लोको रनिंग स्टाफ के संवर्ग का तत्काल पुनर्गठन करने, पदोन्नति के उचित अवसर उपलब्ध कराने तथा लंबे समय से लंबित न्यायोचित वेतन स्तर की मांग स्वीकार करने की मांग उठाई। संगठन की ओर से इन मांगों को लेकर पूर्व में मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है। संगठन ने कहा कि लोको रनिंग स्टाफ के संवर्ग का पुनर्गठन किया जाना जरूरी है, ताकि कर्मचारियों को पदोन्नति के पर्याप्त अवसर मिल सकें। साथ ही लंबे समय से लंबित वेतन स्तर संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए संवर्ग पुनर्गठन समिति को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोको लॉबी परिसर में आयोजित किया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक, अनुशासित और शांतिपूर्ण रहा। हनुमानगढ़ शाखा सचिव ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान रेल सेवाओं के सुचारू संचालन और यात्री सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। हनुमानगढ़ स्टेशन तथा इस रेल मार्ग पर चलने वाली किसी भी ट्रेन के संचालन में कोई व्यवधान नहीं होने दिया गया। आवश्यक रेल सेवाएं और यात्री सुविधाएं सामान्य रूप से जारी रहीं। संगठन ने रेल प्रशासन से लोको रनिंग स्टाफ की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों का समय रहते समाधान होने से भविष्य में बड़े आंदोलन की स्थिति को टाला जा सकेगा। कार्यक्रम में शाखा सचिव सुरेश कुमार नाई, शाखा अध्यक्ष कुलविंद्र सिंह, शाखा कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सहित रोहिताश, घनश्याम कुमार, बेगराज गोदारा, अमर सिंह, विकास कुमार, पृथ्वीराज, कुमार सिंह, बलजीत, समीर सिंह, पवन वर्मा, धर्मेन्द्र यादव, कुलदीप और सुभाष चंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
