हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र की खोसा कॉलोनी में सार्वजनिक वाटर कूलर से पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हमले और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। मामले में एक व्यक्ति ने जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र सौंपकर करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। डालचंद पुत्र बद्री प्रसाद गोस्वामी निवासी वार्ड 19, खोसा कॉलोनी, माता संतोष देवी आईटीआई के सामने, चंडीगढ़ हॉस्पिटल रोड, जंक्शन ने बताया कि उसने घर के बाहर राहगीरों के लिए वाटर कूलर लगा रखा है तथा वहां स्पष्ट रूप से लिखा हुआ है कि कूलर से कैम्पर में पानी नहीं भरा जाए। डालचंद के अनुसार 16 मई को दोपहर करीब 2 बजे दो व्यक्ति कूलर से कैम्पर में पानी भरने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट कर उसे नीचे गिरा दिया। हालांकि उस समय मामले को आपसी स्तर पर शांत कर दिया गया। इसके बाद 17 मई की रात करीब 8 बजे, जब डालचंद घर पर नहीं था, तब उसकी पत्नी महेन्द्रा देवी तथा परिचित नत्थूराम शर्मा घर पर मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान 6-7 मोटर साइकिल और एक जीप में सवार करीब 20 लोग घर पहुंचे। उनके हाथों में लाठियां और तलवारें थीं। डालचंद ने आरोप लगाया कि सभी लोग घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए उसकी पत्नी पर तलवार से हमला करने का प्रयास किया, हालांकि वह बाल-बाल बच गई। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी नत्थूराम शर्मा की मोटर साइकिल और वाटर कूलर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। डालचंद ने यह भी बताया कि घटना से पहले उसके बेटे मुकुल के पास कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को प्रधान बताते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में डालचंद ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
