हनुमानगढ़। वार्ड नंबर 27 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे पवन मौर्य ने कहा कि यदि जनता उन्हें पार्षद चुनती है तो वार्ड की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़कों और नालियों का निर्माण करवाने के साथ-साथ अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे। पवन मौर्य ने बताया कि पूर्व में पार्षद रहते हुए उन्होंने वार्ड में कई विकास कार्य करवाए थे। उनके कार्यकाल में अम्बेडकर पार्क का निर्माण भी कराया गया। उन्होंने कहा कि इस बार वार्डवासियों ने उन्हें फिर चुनाव लड़ने का आग्रह किया है और जनता का आशीर्वाद उनके साथ है। जनता के विश्वास पर वे पहले भी खरे उतरे हैं और इस बार भी पूरी निष्ठा से काम करने का प्रयास करेंगे।
पार्टी में सम्मान नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला
भाजपा के सिंबल पर पार्षद रहने के बावजूद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने के सवाल पर पवन मौर्य ने कहा कि वे पिछले 12-13 वर्षों से भाजपा की सेवा कर रहे हैं। पार्टी के निर्देश पर उन्होंने पिछला चुनाव नहीं लड़ा था। इस बार उन्हें आश्वासन दिया गया था कि पार्टी उन्हें ही टिकट देगी, लेकिन टिकट ऐसे व्यक्ति को दे दिया गया, जिसने पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के सामने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि पार्टी में मान-सम्मान नहीं मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। पवन मौर्य के अनुसार वार्ड की जनता ने उन्हें विजयी होने का आशीर्वाद दिया है। यदि वे चुनाव जीतते हैं तो वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता होगी।
अधूरे कार्यों को पूरा करवाने का दावा
पवन मौर्य ने कहा कि अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने सड़कों पर गेट लगाने और सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाई थी, लेकिन किसी कारणवश यह कार्य पूरा नहीं हो सका। इस बार जनता का आशीर्वाद मिलने पर इन अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड के पट्टों का नामांतरण नहीं हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने डीएलबी में आवाज उठाई थी और प्रक्रिया के एक-दो चरण भी पूरे करवा लिए थे, लेकिन समयाभाव के कारण कार्य अधूरा रह गया। अब इसे पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही वार्ड को जोहड़ पायतन की श्रेणी से बाहर करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
बाहरी प्रत्याशी को जनता स्वीकार नहीं करेगी: पवन मौर्य
पवन मौर्य ने दावा किया कि वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी बाहरी हैं और जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वार्डवासी अपने बीच रहने वाले व्यक्ति को प्रतिनिधि के रूप में चुनना चाहते हैं। वहीं, भाजपा की ओर से शीलादेवी नागर को टिकट दिए जाने से भी वार्डवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि टिकट के वास्तविक हकदार वे स्वयं थे। उन्होंने दावा किया कि वार्ड की हर गली और नुक्कड़ पर गलत टिकट दिए जाने की चर्चा हो रही है। पवन मौर्य ने शीलादेवी नागर के पति सेवाराम नागर पर कई मामलों में विवादित रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और इस बार सही सेवक का चुनाव करेगी। पवन मौर्य ने कहा कि उन्हें जनता और अपने कार्यों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि पार्षद नहीं रहते हुए भी वे लगातार वार्डवासियों की सेवा कर रहे हैं और आगे भी जनहित के कार्यों के लिए तत्पर रहेंगे।
