– प्रचार के अंतिम दिन देवेन्द्र पारीक के नेतृत्व में डोर-टू-डोर जनसंपर्क, बोले-जनता के उत्साह और आशीर्वाद से रिकॉर्ड जीत का भरोसा
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में टाउन के वार्ड नंबर 31 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुनीता पारीक के समर्थन में बुधवार को प्रचार के अंतिम दिन भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन गोल्याण एवं खेमचंद तेजवानी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया और सुनीता पारीक के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को लेकर मतदाताओं से चर्चा करते हुए 11 सितंबर को अधिकाधिक मतदान की अपील की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में कुल 60 वार्ड हैं। आज केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में यदि नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड बनता है तो केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय के बीच विकास की कड़ी और मजबूत होगी, जिससे शहर के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 31 से उनकी धर्मपत्नी सुनीता पारीक भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह वार्डवासियों का स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि सुनीता पारीक वार्ड से रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेंगी। देवेन्द्र पारीक ने हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 11 सितंबर को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्रचार के अंतिम दिन हुए डोर-टू-डोर जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से अधिकाधिक संख्या में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन देने का आह्वान किया।
