हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 35, सिकलीगर मोहल्ला में चिट्टा नशा खुलेआम बिकने का आरोप लगाते हुए वार्डवासियों ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। वार्डवासियों ने दावा किया कि नशे के कारण कम उम्र के बच्चे भी इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। वार्डवासी जितेन्द्र, गौतम सहित अन्य ने बताया कि मोहल्ले में चिट्टा नशे की बिक्री हो रही है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार टाउन पुलिस थाने में शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि उनके पास मोबाइल फोन में एक वीडियो भी है, जिसमें करीब 12 और 16 वर्ष की उम्र के दो बच्चे चिट्टे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो इसका गंभीर असर आने वाली पीढ़ी पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोग कामकाज के लिए घरों से बाहर जाते हैं। ऐसे में पीछे से बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। वार्डवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच कर नशे की बिक्री में शामिल लोगों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रार्थना पत्र में टाउन पुलिस थाना की कार्यशैली को लेकर लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच करवाने तथा मोहल्ले में नशे की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई है। वार्डवासियों ने कहा कि उनका उद्देश्य मोहल्ले को नशे के चंगुल से मुक्त करवाना और बच्चों को नशे से दूर रखना है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर गुरदास, अंकित सिंह, मोहित सिंह, गौरव, राहुल, सुमित सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।
