– नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे में प्रत्याशी उतारने की तैयारी, पंचायती राज चुनाव में भी संगठन के अनुसार मैदान में उतरने का निर्णय
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित जांगिड़ धर्मशाला में कामगार समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक विषयों पर चर्चा करते हुए समाज की चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों की ओर से कामगार समाज को उसकी संख्या और प्रतिनिधित्व के अनुरूप टिकट दिए जाते हैं तो समाज उनके साथ रहेगा, अन्यथा अपने संगठन के स्तर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया जाएगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे से कामगार समाज की ओर से प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी है। इसी प्रकार संगठन की मुहिम के तहत जिले में होने वाले पंचायती राज चुनावों में भी समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज पिछले करीब तीन वर्षांे से अपने राजनीतिक अधिकार और प्रतिनिधित्व को लेकर अभियान चला रहा है। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की ओर से कामगार समाज के सक्षम एवं योग्य जनप्रतिनिधियों को टिकट दिया जाता है तो समाज उनका समर्थन करेगा और संबंधित जनप्रतिनिधि भी पार्टी के साथ रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के साथ समाज की ओर से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। वहीं, यदि समाज के सक्षम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया जाता है तो कामगार समाज अपने संगठन के निर्णय के अनुसार चुनाव मैदान में उतरेगा। वक्ताओं ने कहा कि कामगार समाज को राजनीतिक स्तर पर उचित तवज्जो नहीं देने का खामियाजा दोनों प्रमुख राजनीतिक दल पहले भी भुगत चुके हैं। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर पूरी तरह सजग है तथा आगामी चुनावों में संगठित होकर अपनी भूमिका तय करेगा। बैठक में सुरेंद्र मारवाल, रामप्रताप सहित कामगार समाज के अनेक नागरिक मौजूद रहे।
