हनुमानगढ़। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ जिला शाखा की ओर से जारी निर्वाचन कार्यक्रम के तहत टाउन स्थित पंचायत समिति कार्यालय के सभागार में हनुमानगढ़ उपशाखा की ब्लॉक कार्यकारिणी के चुनाव सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया से पहले संघ के सदस्यों की ओर से निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न समस्याओं का संकलन किया गया तथा उनके समाधान को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें सर्वसम्मति से नौ सदस्यीय ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन में नंदकिशोर वर्मा को ब्लॉक अध्यक्ष, संजीव चलाना को ब्लॉक उपाध्यक्ष, अनिल कुमार को ब्लॉक मंत्री तथा पूजा वर्मा को ब्लॉक कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में रविन्द्र कुलड़िया, सचिन और मैनपाल लोहिया को शामिल किया गया। आजाद कुमार को जिला प्रतिनिधि तथा रानू चौधरी को प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया। नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष नंदकिशोर वर्मा ने कहा कि संघ से जुड़ी समस्याओं का धरातल पर प्राथमिकता से समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को उच्चाधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए संगठन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। चुनाव सम्पन्न होने पर सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
