हनुमानगढ़। परिवहन विभाग एवं भटनेर सड़क सुरक्षा समिति की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर टैप लगाए जा रहे हैं। साथ ही हेलमेट नहीं लगाने और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को समझाइश की जा रही है। समिति प्रतिनिधियों ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार हर माह करीब 1500 से 2000 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टैप लगाए जाते हैं। इसके अलावा समिति की ओर से वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पिछले माह वाहन चालकों को ओआरएस के करीब 1500 पाउच भी वितरित किए गए। अभियान के तहत टाउन के भारत माता चौक, ट्रैक्टर यूनियन और संगरिया रोड पर सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर भी लगाए गए। पोस्टरों के माध्यम से वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट लगाने तथा सुरक्षित वाहन चलाने का आह्वान किया गया। अभियान में भटनेर सड़क सुरक्षा समिति के प्रतिनिधि प्रवीण शर्मा, धर्म सिंह, उपकार, राजवीर आदि मौजूद रहे।
