हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को 12वें स्थापना दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों की ओर से दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने विद्यालय की प्रगति और शुरुआती दिनों की यादों को साझा किया। विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रेखा तनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल केवल शैक्षणिक ज्ञान का केन्द्र नहीं, बल्कि एक ऐसा पवित्र स्थान है जहां विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। यहां उन्हें संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की शिक्षा भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करने के लिए आत्मविश्वासी, विवेकशील और जिम्मेदार बनाना है। साथ ही उन्होंने विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की प्रगति यात्रा का भी उल्लेख किया। विद्यालय के चेयरमैन भारतेन्दु सैनी ने कहा कि किसी भी स्कूल की सबसे बड़ी ताकत उसके विद्यार्थी होते हैं। हर निर्णय और प्रयास विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों के साथ-साथ सर्वांगीण विकास को बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के तहत ‘कुकिंग विदाउट फायरÓ, रंगोली और पौधारोपण जैसी आकर्षक स्टॉल लगाईं, जिनका अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में नवीन उपाध्याय, सुरेश चौधरी, लायंस क्लब के अध्यक्ष अशोक सुथार तथा नवज्योति शिक्षण संस्थान की डायरेक्टर डॉ. पायल गुम्बर मौजूद रहे।
