हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और पोस्टरों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को दर्शाया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान और महान जनजातीय नायकों के बलिदान से परिचित करवाना था। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने कहा कि जनजातीय समाज भारत की गौरवशाली संस्कृति और संप्रभुता का महत्वपूर्ण आधार है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन राष्ट्रभक्ति और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है और उनमें राष्ट्रीय चेतना का विकास होता है। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने कलात्मकता, विषय की समझ और संदेश के आधार पर उत्कृष्ट पोस्टरों का चयन किया। इसमें बीए तृतीय सेमेस्टर के हरजीत सिंह ने प्रथम, बीए पंचम सेमेस्टर की सोनू ने द्वितीय तथा इसी सेमेस्टर की मनदीप कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में सहायक आचार्य भागवन्ती, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरण ढिल, ममता सहित अन्य मौजूद रहे।
