हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात व्यक्ति की ओर से नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर नम्बर 6, चूना फाटक के पास, जंक्शन निवासी सुदेश गोयल (58) पुत्र गुगनमल गोयल ने थाना में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र कुनाल गोयल का विवाह समारोह 21 फरवरी को टाउन स्थित राजवी पैलेस में आयोजित था। समारोह में रिश्तेदारों, परिचितों एवं मेहमानों की बड़ी संख्या में मौजूदगी थी। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच वे मैरिज पैलेस की गैलरी में बने स्वागत द्वार के पास खड़े होकर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान उनका एक बैग सोफासेट पर रखा हुआ था। कुछ समय बाद जब उन्होंने बैग की ओर ध्यान दिया तो वह वहां से गायब मिला। आसपास तलाश करने पर भी बैग का कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने बताया कि बैग में करीब दो लाख रुपए नकद राशि लिफाफों में पैक कर रखी गई थी। इसके अलावा 10, 20, 50 और 100 रुपए के नोटों की नई-नई गड्डियां भी बैग में थीं। साथ ही एक सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायजेब (चुटकी) तथा 20 ग्राम और 10 ग्राम वजन के दो चांदी के सिक्के भी रखे हुए थे। घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है, जिससे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान में सहायता मिल सकती है। घटना के बाद समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष की ओर से अपने स्तर पर भी खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद थाना में मामला दर्ज करवाया गया। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कमलजीत सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपित की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
