हनुमानगढ़। ससुरालियों पर विवाहिता से मारपीट और जबरन उठाकर ले जाने की धमकी का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने सात आरोपियों के खिलाफ टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। टाउन थाना पुलिस ने न्यायालय के इस्तगासे पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। गोपालराम (55) पुत्र मंगलाराम निवासी वार्ड नंबर 34, करतारपुरा, मीरां कॉलोनी, टाउन ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के समक्ष इस्तगासा पेश कर बताया कि उसकी भतीजी चावली की शादी 19 दिसंबर 2022 को जगदीश पुत्र बुलाकीराम निवासी मंडेला जिला झुंझुनूं के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही जगदीश व उसके परिवार के लोग चावली को परेशान करते थे तथा उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते थे। परिवार की ओर से कई बार पंचायत कर समझाने के बावजूद आरोपियों ने अपनी हरकतें नहीं छोड़ीं। चावली की उसके मायके पक्ष के लोगों से बातचीत भी बंद करवा दी गई। पिछले करीब तीन वर्षांे से गोपालराम व उसके परिवार के सदस्यों को चावली से मिलने नहीं दिया गया और मिलने का प्रयास करने पर झगड़ा करने के साथ जान से मारने की धमकियां दी गईं। गोपालराम ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पूर्व प्रकाश पुत्र मंगलाराम, राजूराम पुत्र लिछमणराम, बुलाकीराम पुत्र चंगलाराम, बिमला पत्नी प्रकाश, कमला पत्नी राजू, जड़ाव देवी देवी पत्नी बुलाकीराम सभी निवासी मंडेला जिला झुंझुनूं आदि एकराय होकर उसके घर आए और उसकी नाबालिग भतीजी को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया। परिवार के लोगों की ओर से रोकने पर आरोपियों ने मारपीट की, जिसमें राजू का हाथ और बुधराम का पैर टूट गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। आरोप है कि अब भी आरोपियों की ओर से उसकी नाबालिग भतीजी को जबरन उठाकर ले जाने की धमकियां दी जा रही हैं। इस्तगासे में चावली के साथ प्रकाश, राजूराम व बुलाकीराम पर शराब पीकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, उसे नशे में रखने और जबरन रोककर रखने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गोपालराम के अनुसार, उसके रिश्तेदार पप्पूराम ने उसे इस संबंध में जानकारी दी। न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान एएसआई अमीचंद को सौंपा है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
