हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ की ओर से भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में गुरुवार को भारतीय मजदूर संघ हनुमानगढ़ के जिला मंत्री संदीप सिरावता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिला मंत्री संदीप सिरावता ने कहा कि भारत अपनी सभ्यता और संस्कृति के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। भारतीय संस्कृति में भगवान विश्वकर्मा को श्रमिकों एवं कारीगरों के आराध्य और प्रेरणास्रोत के रूप में माना जाता है। 17 सितंबर को कन्या संक्रांति के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की ओर से देशभर में मशीनों एवं औजारों की पूजा की जाती है और इस दिन को श्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मांग की कि 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित किया जाए, ताकि श्रमिक जगत में सकारात्मक संदेश जाए और श्रमिकों में उत्साह का संचार हो। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के बीकानेर संभाग संगठन मंत्री गोविन्द जोशी, राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, भारतीय मजदूर संघ जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, संगठन मंत्री ओमप्रकाश गोदारा तथा मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
