– विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
हनुमानगढ़। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के क्षेत्रीय केंद्र बीकानेर की ओर से बुधवार को बीकानेर संभाग के अंतर्गत संचालित कुल 18 अध्ययन केंद्रों के मुख्य समन्वयकों एवं समन्वयकों के साथ ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं व्याख्याता ऑनलाइन जुड़े। क्षेत्रीय केंद्र निदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि संवाद के दौरान विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों, परीक्षा प्रणाली, आंतरिक गृह कार्य, प्रवेश प्रक्रिया तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इनमें विशेष रूप से बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ‘उच्च शिक्षा आपके द्वारा’ के उद्देश्य को साकार करने के लिए गांव-गांव और तहसील स्तर तक विश्वविद्यालय की दूरस्थ शिक्षा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो सकें।
लूणकरणसर और नोखा में परीक्षा केंद्र शुरू करने का सुझाव
ऑनलाइन संवाद के दौरान विभिन्न अध्ययन केंद्रों के मुख्य समन्वयकों ने महाविद्यालयों में वीएमओयू से संबंधित आ रही समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही अध्ययन केंद्रों पर नए पाठ्यक्रम ऑनलाइन पोर्टल पर शुरू करने की अनुशंसा भी की गई। दूरदराज के विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए लूणकरणसर एवं नोखा में परीक्षा केंद्र शुरू करने संबंधी सुझाव भी प्राप्त हुए। समन्वयकों ने कहा कि इन क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और दूरस्थ शिक्षा का लाभ अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच सकेगा।
तहसील स्तर पर लगेंगे समस्या समाधान शिविर
निदेशक शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए तहसील स्तर पर अध्ययन केंद्रों में समस्या समाधान शिविर आयोजित करवाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश, परीक्षा, आंतरिक गृह कार्य एवं अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी अध्ययन केंद्रों के समन्वयकों को निर्धारित कार्य समय पर पूरा करने तथा विद्यार्थियों की प्रवेश, परीक्षा और आंतरिक गृह कार्य से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में निदेशक ने ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम में शामिल सभी समन्वयकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
