हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में एक 85 वर्षीय वृद्ध महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला के पुत्र ने जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपनी माता को जल्द से जल्द बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में वार्ड 56, सुरेशिया निवासी किशोर पुत्र भागूराम बाजीगर ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी 85 वर्षीय माता मूर्ति देवी 7 मार्च को सुबह करीब 11 बजे घर से निकलकर चूना फाटक की ओर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसने अपनी माता की तलाश शुरू की। किशोर ने बताया कि जब वह चूना फाटक के पास पहुंचा और आसपास के लोगों से जानकारी ली तो वहां मौजूद रेहड़ी लगाने वाले लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 12.30 से 1 बजे के बीच एक गाड़ी वहां आई थी। गाड़ी में तीन पुरुष और एक महिला सवार थे। आरोप है कि उक्त चारों अज्ञात लोग उसकी माता को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। प्रार्थी ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोग उसकी वृद्ध माता के साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। इस संबंध में उसने पुलिस से जल्द से जल्द उसकी माता को बरामद करने और मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
