हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट आने वाले विशेष योग्यजनों के लिए प्रशासन की पहल अब राहत बनकर सामने आ रही है। जिला कलक्टर के निर्देशों पर कलक्ट्रेट परिसर में व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है तथा कर्मचारियों की विधिवत ड्यूटी लगाई गई है, जिससे विशेष योग्यजन बिना किसी परेशानी के अपनी समस्या लेकर सीधे जिला कलक्टर के चैम्बर तक पहुंच सकें। व्यवस्था के तहत कर्मचारी विशेष योग्यजनों को व्हीलचेयर पर बैठाकर रैम्प के माध्यम से प्रथम मंजिल पर स्थित जिला कलक्टर के चैम्बर तक ले जाते हैं और कार्य पूर्ण होने के बाद सुरक्षित रूप से वापस नीचे पहुंचाते हैं। इससे उन्हें सीढ़ियां चढ़ने-उतरने की कठिनाई से राहत मिल रही है। मंगलवार को जिला कलक्टर से मिलने पहुंचे विशेष योग्यजन बुजुर्ग अर्जुनदास ने बताया कि जैसे ही वे कलक्ट्रेट परिसर के रैम्प पर पहुंचे, वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत व्हीलचेयर उपलब्ध कराई और उन्हें जिला कलक्टर के चैम्बर तक पहुंचाया। इस सुविधा के कारण वे आसानी से जिला कलक्टर से मिल सके और अपनी समस्या रख पाए। अर्जुनदास ने इस मानवीय पहल के लिए जिला कलक्टर एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस व्यवस्था से विशेष योग्यजनों में संतोष है और इसे सुशासन की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
