पीलीबंगा। पीलीबंगा कस्बे के निहालपुरा रोड स्थित शराब ठेके के कर्मचारी पर हमला कर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटर साइकिल पर आए तीन युवकों ने कर्मचारी के सिर पर कापे से वार कर उसे घायल कर दिया और कलेक्शन बैग में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामले में एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में अमन कुमार (25) पुत्र रणजीतराम नायक निवासी 4 एनआर निहालपुरा पीएस पीलीबंगा ने बताया कि उसका भाई आदित्य (22) गांव के बाहर निहालपुरा रोड स्थित शराब ठेके पर कार्य करता है। रिपोर्ट के अनुसार 4 मार्च को दोपहर करीब 12.30 बजे आदित्य ठेका बंद कर कलेक्शन लेकर अपने घर जा रहा था। उसके पास कलेक्शन बैग में करीब 30 हजार रुपए नकद थे। इसी दौरान ठेके के पास कुलदीप वाल्मीकि और उसके दो अन्य साथी मोटर साइकिल पर सवार होकर आए। आरोप है कि कुलदीप और उसके साथियों के हाथ में कापा था और उन्होंने आदित्य से कलेक्शन बैग छीनने की कोशिश की। जब आदित्य ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार कुलदीप ने जान से मारने की नियत से आदित्य के सिर पर कापे से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसके बाद तीनों आरोपी 30 हजार रुपए से भरा कलेक्शन बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अमन कुमार मौके पर पहुंचा और अपने भाई को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पीलीबंगा लेकर गया। डॉक्टरों ने आदित्य के सिर में पांच टांके लगाए और फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर कुलदीप व दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
