– मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति का एसकेडी विश्वविद्यालय में स्वागत
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में सोमवार को मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलपति डॉ. महेंद्र कुमार असेरी के आगमन पर स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. असेरी का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। समारोह में गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के एनसीसी एवं एनएसएस विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर अनुशासित परेड प्रस्तुत कर अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. महेंद्र कुमार असेरी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के बीच आपसी सहयोग, विचारों का आदान-प्रदान और शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और शोध के अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद और सहयोग से शिक्षा, अनुसंधान तथा विद्यार्थियों के विकास के नए अवसर सृजित होते हैं। ऐसे आयोजन शैक्षणिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ज्ञान के आदान-प्रदान से विद्यार्थियों को मिलेगी नई दिशा
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्तमान समय में उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। शिक्षाविदों के अनुभवों और विचारों से विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को नई दिशा मिलती है और शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के अवसर प्राप्त होते हैं। समारोह में विश्वविद्यालय की डिप्टी एमडी पूजा जुनेजा, वाग्भट वेलनेस रिसर्च सेंटर की सीईओ सिमरन जुनेजा, कुलपति प्रो. डॉ. अमरजीत सिंह, रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर, ईडी विभूति नारायण, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अवधेश शर्मा, डॉ. मंगीलाल, डिप्टी रजिस्ट्रार सुरेंद्र अरोड़ा, डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील बिरट, गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के प्रशासक अनुराग छाबड़ा तथा जीआर शर्मा सहित पैरामेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
