श्रीगंगानगर। शहर के मेन पोस्ट ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे ई-मेल के जरिए भेजे गए मैसेज में पोस्ट ऑफिस परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और एहतियातन पोस्ट ऑफिस परिसर को तुरंत खाली कराया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीम ने पोस्ट ऑफिस के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां अभी भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में इस तरह की धमकियों की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 10 मार्च को भी मेन पोस्ट ऑफिस परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को खाली कराया था और बम निरोधक दस्ते ने सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन तब भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। इसके अलावा 25 मार्च को एक पत्र के माध्यम से श्रीगंगानगर के कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस घटना के बाद भी पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया था और जांच के लिए बीकानेर से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाया गया था। जांच में वह धमकी भी झूठी साबित हुई थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह धमकी भी संभवत: फर्जी हो सकती है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचने के लिए हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि धमकी देने वाले को जल्द ही ट्रेस कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के कारण पोस्ट ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों और वहां आने वाले लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
