श्रीगंगानगर। जिले के सादुलशहर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज, नकदी और करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर दबिश दी गई, जहां तीनों आरोपी कमरे में बेड पर बैठकर ऑनलाइन सट्टा लगाने और खाईवाली का काम कर रहे थे। मौके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र (48), साहिल (27) और विरेंद्र उर्फ पत्रकार (48) निवासी सादुलशहर, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और खाईवाली करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, 9 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 48 हजार 500 रुपए नकद तथा सट्टे से संबंधित 7 पर्चियां बरामद की हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन सट्टे से जुड़े करीब 2.5 करोड़ रुपए के लेन-देन का रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
