संगरिया। जागृति संस्था (रजि.) एवं गीतांजलि हॉस्पिटल जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय पंचायती धर्मशाला में 9वां एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 251 मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श व उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संस्था के अध्यक्ष पत्रकार अमरनाथ पेंटर ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। टीम में डॉ. अंकित माथुर, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. बनवारी लाल, डॉ. धीरज विश्वकर्मा, डॉ. रोहित गर्ग, डॉ. विवेक कुमार पांडेय एवं डॉ. दीया गोस्वामी शामिल रहे।

चिकित्सकों ने मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। कार्यक्रम में संस्था संरक्षक ओमप्रकाश करवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि संस्था वर्षों से लोककल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। यह संस्था का नौवां चिकित्सा शिविर है। इससे पूर्व आठ शिविरों के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। संस्था अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए भी समाज के वंचित वर्गों की सहायता करती रही है।

शिविर के दौरान मरीजों के ब्लड शुगर, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर एवं ईसीजी सहित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की गईं। कार्यक्रम में रतिराम बुडानिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गोदारा, रामलाल बिस्सू, देवीलाल खोथ, शिविर प्रभारी सीमा शर्मा, संस्था सचिव अभय सहारण, अनिल चोयल, साहबराम ज्यानी, सुरेंद्र कांसल, मोदनसिंह, धर्मसिंह राठौड़, राजीव गोस्वामी, फूलचंद शर्मा, राजेंद्र भटनागर, रमेश तिवाड़ी, बाबूलाल शर्मा, भूपेंद्र स्वामी, रणवीर एवं जसवंत टेलर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
