संगरिया। अमेरिकी दबाव में किए जा रहे ट्रेड डील और देश की कृषि व्यवस्था पर पड़ते दुष्प्रभावों के विरोध में एक दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत “मरेगा बच्चा–बचाओ ग्राम यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा ग्राम चौपाल यात्रा के रूप में रविवार, 1 मार्च 2026 को संगरिया विधानसभा क्षेत्र के पन्नीवाली गांव में संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक अभिमन्यु पूनिया ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय ट्रेड डील्स के नाम पर देश की कृषि, खाद्य सुरक्षा और भविष्य की पीढ़ियों के साथ समझौता किया जा रहा है। ऐसी नीतियां सीधे तौर पर किसानों की आय, बच्चों के पोषण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी दल विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि जनहित और किसान हित में एक चेतावनी है। चौपाल संवाद के दौरान किसानों ने फसल लागत, न्यूनतम समर्थन मूल्य, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं और पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते नीतिगत सुधार नहीं हुए तो इसका सबसे बड़ा खामियाजा ग्रामीण बच्चों और युवाओं को भुगतना पड़ेगा। ग्रामवासियों ने यात्रा का समर्थन करते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की ग्राम चौपाल यात्राएं आगे भी जारी रहेंगी, ताकि गांव-गांव तक किसानों की आवाज़ पहुंचे और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक संवाद स्थापित हो सके।
