हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने जिला कारागृह का निरीक्षण किया। सचिव ने निरीक्षण के दौरान बंदियों को मिलने वाले भोजन की व्यवस्था व चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी प्राप्त की। बंदियों से संवाद वार्ता की। कारागृह के भोजनालय का निरीक्षण करते हुए परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। बंदियों के लिए बनाई गई कैंटीन तथा वीसी रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह का वातावरण स्वच्छ पाया गया। सचिव ने निरीक्षण के अतिरिक्त विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, धारा 436ए के तहत जमानत का लाभ प्राप्त करने आदि के संबंध में विधिक जानकारी प्रदान की। रालसा, जयपुर की ओर से प्रदान निर्देशों की पालना में दोषसिद्ध कैदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता के तहत अपील दायर किए जाने के संबंध में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान एलएडीसी अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
