हनुमानगढ़। गांधी जयंती के अवसर पर हनुमानगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सतीपुरा में विशेष ग्राम सभा एवं विभिन्न समितियों की बैठकों का आयोजन किया गया। पंचायती राज मंत्रालय के ‘सबकी योजना सबका विकास’ अभियान एवं ‘सुधार उत्सव 2026’ के तहत आयोजित बैठकों में ग्रामीण विकास योजनाओं, सामुदायिक कल्याण तथा स्थानीय स्तर पर गठित विभिन्न समितियों की कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त अभियान मनस्वी’ के तहत गठित समिति की बैठक भी आयोजित हुई। इसमें क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसे नियंत्रित करने के उपायों पर मंथन किया गया। बैठक में आमजन को नशे से दूर रखने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों की सहभागिता से नशामुक्त समाज की दिशा में प्रयास करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रशासक जसपाल कौर, ग्राम विकास अधिकारी नंदकिशोर वर्मा, कनिष्ठ सहायक अंजू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
