हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी प्रीति के निर्देशन में ‘अनुभव से सीखेंÓ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से अवगत कराने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन युवाओं ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की बारीकियों को समझा और समाज में खाद्य सुरक्षा से संबंधित जानकारी को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। दूसरे दिन के प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने धान मंडी का भ्रमण किया, जहां उन्होंने खरीद प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रतिभागियों को नमी जांचने की मशीन का संचालन, गिरदावरी प्रक्रिया, ग्रेडिंग प्रणाली, स्टॉक प्रबंधन तथा लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरकारी व्यवस्थाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहितकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली से जोड़ना रहा, ताकि वे जमीनी स्तर पर इन योजनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने जाना कि खाद्य सुरक्षा प्रणाली किस प्रकार जमीनी स्तर पर कार्य करती है और इसका लाभ आम नागरिकों तक कैसे पहुंचता है। इसके साथ ही युवाओं ने स्थानीय नागरिकों के बीच जाकर उन्हें खाद्य अधिकारों, राशन कार्ड से जुड़ी सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक भी किया।
