ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को लेकर वीरवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पूर्व रोहिल्ला ने कहा कि राज्य सरकार ट्रांसजेंडर व किन्नर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं में उन्हें सक्रिय रूप से लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि समुदाय के सभी सदस्यों को अपना पंजीकरण करवाकर पहचान पत्र अवश्य बनवाना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें प्रभावी और शीघ्र रूप से मिल सके। उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय से कौशल विकास को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए और कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर वे अपनी आजीविका को बेहतर बना सकते हैं। पहचान पत्र ऑनलाइन पंजीकरण के उपरांत जारी किए जाएंगे, जो योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनिवार्य हैं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में गरिमा गृह योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत गरिमा गृह में ठहरकर ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में रिकवर इंडिया हेल्थ केयर फाउंडेशन द्वारा गरिमा गृह के संचालन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इसके स्थापित होने के बाद जिले में पंजीकृत लगभग 100 ट्रांसजेंडर एवं किन्नर समुदाय के सदस्य लाभान्वित हो सकेंगे। गरिमा गृह में लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। बैठक में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
