हनुमानगढ़। तहसील क्षेत्र के चक नं. 1 के.के.डब्ल्यू. के ग्रामीणों ने सरकारी रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर तहसीलदार को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्र में लगभग 2 किलोमीटर लंबा सरकारी कच्चा रास्ता राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, जिसकी चौड़ाई करीब 25 फुट या उससे अधिक निर्धारित है। लेकिन रास्ते से सटे लोगों द्वारा सीमा पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे रास्ता काफी संकरा हो गया है। प्रार्थना पत्र में कहा गया कि इस संबंध में कई बार पटवारी हल्का को अवगत कराया गया, लेकिन मौके पर जाकर इसे चालू रास्ता बताकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। रास्ता संकरा होने के कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की कम चौड़ाई के कारण कई बार आपसी विवाद और दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की है कि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रास्ते का सीमांकन करवाकर उसकी पूर्ण चौड़ाई बहाल की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
