– गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आमसभा, गुरजंट सिंह को मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में रविवार को सर्व सिक्ख समाज समिति की आम सभा आयोजित की गई, जिसमें सत्र 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी पूर्ण सिंह जटाना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में निवर्तमान अध्यक्ष बलकरण सिंह गिल और सचिव देवेंद्र सिंह खिंडा ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए प्रतिवेदन को सर्वसम्मति से पारित किया। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें सभी पदों पर सर्वसम्मति से चयन किया गया। नई कार्यकारिणी में गुरजंट सिंह को जिलाध्यक्ष चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर बलविंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। सचिव पद पर गुरपाल सिंह तथा सह-सचिव पद पर लखविंद्र बराड़ का चयन किया गया। प्रचार मंत्री के रूप में कश्मीरा सिंह और संगठन मंत्री के रूप में राजवीर सिंह को जिम्मेदारी दी गई, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर लाभ सिंह को नियुक्त किया गया। इसी तरह उपाध्यक्ष शहरी (जंक्शन) के रूप में हरजिंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शहरी (टाउन) के रूप में बलविंद्र सिंह तथा उपाध्यक्ष ग्रामीण के रूप में निर्मल सिंह को चुना गया। तहसील स्तर पर भी प्रतिनिधियों का चयन किया गया, जिसमें संगरिया से लाभ सिंह मान, टिब्बी से भोला सिंह और पीलीबंगा से दर्शन सिंह को जिम्मेदारी दी गई। इस अवसर पर समिति की ओर से मार्गदर्शन मंडल का भी गठन किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्यों को शामिल किया गया। इसमें इंद्र सिंह मक्कासर, नक्षत्र सिंह, प्रेम सिंह, बलकरण सिंह गिल, देवेंद्र सिंह खिंडा, महेंद्र सिंह, अवतार मान, महंगा सिंह, जंगीर थिंद, कर्मजीत सिंह और रविंद्र सिंह को शामिल किया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष गुरजंट सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की एकता, विकास और सेवा के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने और सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
