– सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों को दिए आवश्यक निर्देश- शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत सीएमएचओ कार्यालय में हुई बैठक
हनुमानगढ़। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थांे में मिलावट पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को देर शाम सीएमएचओ कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के हलवाई, मसाला एवं किरयाना यूनियन के पदाधिकारी एवं अन्य खाद्य व्यवसायी मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सामाजिक समारोहों, शादी एवं अन्य कार्यक्रमों में आमजन को परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थांे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों को पूर्व में चिकित्सा विभाग को सूचना देनी होगी। ऐसे कार्यक्रमों में खाद्य एवं पेय पदार्थांे की जांच एवं सैंपलिंग भी की जाएगी। उन्होंने खाद्य व्यापारियों से कहा कि अब जनता जागरुक हो रही है और उन लोगों को भी आमजन के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए पूरी गुणवत्ता एवं स्वच्छता रखते हुए कार्य करना होगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि उनकी ओर से बाजार से खरीदी जाने वाली समस्त प्रकार की खाद्य सामग्री का बिल अनिवार्य रूप से प्राप्त करें, ताकि जांच में सामग्री गुणवत्ताहीन पाए जाने पर संबंधित थोक विक्रेता के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर वैध फूड लाइसेंस होना आवश्यक है। इसके साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल एवं पानी की जांच रिपोर्ट का रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए। डॉ. शर्मा ने खाद्य सामग्री तैयार करने एवं परोसने वाले कर्मचारियों को कैप, ग्लव्स और एप्रन का उपयोग करने तथा रसोईघर की छत एवं फर्श को साफ-सुथरा और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवधिपार खाद्य सामग्री को अन्य सामग्री से अलग रखा जाए, ताकि उसका गलती से उपयोग या विक्रय नहीं हो। कैटरिंग का कार्य करने वाले व्यवसायी अपने फूड लाइसेंस में कैटरिंग व्यवसाय से संबंधित जानकारी भी अनिवार्य रूप से दर्ज करवाएं। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में विभाग का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद खाद्य व्यापारियों ने व्यापार के दौरान आने वाले परेशानियों के बारे में बताया। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश गर्ग ने व्यापारियों की परेशानियों एवं अन्य एक्ट के बारे में जानकारी दी।
