हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीपसिंह जी में 26 जनवरी से सालाना शहीदी समागम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन एक मार्च तक जारी रहेगा। समागम के उपलक्ष्य में 12 फरवरी से प्रतिदिन शहर में निकाली जा रही प्रभात फेरी का गुरुवार को विधिवत समापन हुआ। प्रभात फेरी में रोजाना बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में सतनाम श्री वाहेगुरु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि शुक्रवार को पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर सेक्टर नम्बर 12, हाउसिंग बोर्ड सहित अन्य प्रमुख मार्गांे से होते हुए पुन: गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा। एक मार्च को सालाना दीवान सजेंगे, जिसमें प्रसिद्ध रागी एवं ढाडी जत्थे संगत को गुर इतिहास से रूबरू करवाएंगे। कार्यक्रम में गुरप्रीत सिंह बनवाला, बलविंद्र सिंह मिलापी ढाडी जत्था एवं बलकार सिंह कविश्री जत्था विशेष रूप से कीर्तन एवं वाणी के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। समागम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी बरतेगा। आयोजन को लेकर संगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
