हनुमानगढ़। नवरात्रि के मौके पर सालासर-पल्लू धाम जाने वाले पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आयुर्वेद विभाग की ओर से नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। राजस्थान सरकार एवं आयुर्वेद विभाग के सौजन्य से टाउन स्थित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय के पास संचालित इस शिविर में लंबी पदयात्रा से होने वाली शारीरिक परेशानियों से राहत प्रदान की जा रही है। शिविर के माध्यम से आयुर्वेद विभाग की टीम जनसेवा और मानवता का संदेश देते हुए पदयात्रियों की मदद में जुटी है। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर सालासर और पल्लू धाम पहुंचते हैं। लंबी दूरी तय करने के कारण यात्रियों को शारीरिक थकान, मांसपेशियों में खिंचाव, अकड़न और पैरों में दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए शिविर में श्रद्धालुओं को नि:शुल्क प्राकृतिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि उन्हें राहत मिले और वे अपनी आगे की यात्रा सुगमता से पूरी कर सकें। डॉ. कुलदीप ने बताया कि शिविर में मायरा ढाका, नर्स सम्पता, कमलेश, इंद्रसेन, सुखमहेंद्र, पूनम एवं कमलेश सिहाग सहित पूरी टीम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला कर्मियों तथा पुरुष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुष कर्मियों की ओर से सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। इस सेवा पहल का उद्देश्य धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को जरूरत के समय स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करवाना और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
