हनुमानगढ़। सालासर और पल्लू जाने वाले यात्रियों की सेवा के लिए नवयुवक क्लब की ओर से गांव कोहला में 33वां भंडारा शुरू किया गया है। शनिवार को भंडारे का शुभारंभ जित्वानंद महाराज ने किया। इस मौके पर फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, व्यापार मंडल शिक्षा समिति अध्यक्ष बालकिशन गोल्याण सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। क्लब के भादरराम यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों और शहरवासियों के सहयोग से हर वर्ष यात्रियों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन किया जाता है। भंडारे में सालासर व पल्लू जाने और वहां से वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए भोजन, फल, गर्म पानी, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। भंडारे में महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। सालासर व पल्लू की यात्रा पर जाने वाले तथा वापस लौटने वाले यात्री यहां रुककर विश्राम करने के साथ भोजन एवं प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भंडारे में दिन-रात सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। क्लब पदाधिकारी ने बताया कि यह भंडारा 18 अक्टूबर तक लगातार दिन-रात चलेगा। यात्रियों की सेवा में स्काउट-गाइड की ओर से भी सेवाएं दी जा रही हैं। आयोजन में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों और संस्थाओं के सहयोग से यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
