ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला सिरसा में विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पी.ओ. स्टाफ सिरसा की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में वांछित एक भगोड़े आरोपी को शहर सिरसा क्षेत्र से काबू किया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि माननीय अदालत द्वारा आरोपी को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर माननीय अदालत ने 9 अक्तूबर 2025 को आरोपी चंदन सिंह को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। पी.ओ. स्टाफ की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चंदन सिंह पुत्र जनक राम निवासी सपरा वाली गली, सदर बाजार सिरसा को शहर सिरसा से काबू कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
