हनुमानगढ़। भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा में 460वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली शहर की प्रतिभाशाली बेटी गरिमा शर्मा का शनिवार को टाइम्स महिला शिक्षा महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन की ओर से सम्मान किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने गरिमा शर्मा को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने कहा कि गरिमा शर्मा का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हनुमानगढ़ जैसे छोटे कस्बे के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि गरिमा की इस उपलब्धि ने पूरे जिले का मान बढ़ाया है और यह यहां की छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। डॉ. लड्ढा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गरिमा शर्मा की यह सफलता हनुमानगढ़ की सशक्त नारी शक्ति का प्रतीक है और क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संदेश देती है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू ने अपने संबोधन में कहा कि गरिमा शर्मा ने कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनका कहना था कि गरिमा की सफलता से न केवल हनुमानगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने छात्राओं से भी आह्वान किया कि वे गरिमा शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और जीवन में उच्च मुकाम हासिल करें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिवार की ओर से गरिमा शर्मा के पत्रकार पिता पृथ्वीराज शर्मा तथा चाचा दीपेंद्र शर्मा का भी सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि परिवार का सहयोग और संस्कार ही किसी भी विद्यार्थी की सफलता की मजबूत नींव होते हैं। इस अवसर पर कॉलेज की सहायक आचार्य शीतल गांधी, जगसीर सिंह बराड़, लालचंद कस्वाँ सहित कॉलेज स्टाफ तथा गरिमा शर्मा के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने गरिमा शर्मा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन गरिमा शर्मा के सम्मान और उनके प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
