हनुमानगढ़। एक महिला ने अपने ही सगे भाई पर भरोसा तोड़ते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता रमनदीप कौर (34) पत्नी बलतार सिंह निवासी पीहर सिंहपुरा खूनीचक हाल ससुराल चक 36 एमएमके ढाणी रोही खारा चक, किलांवाली तहसील सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर ने रिपोर्ट दी कि करीब चार माह पूर्व वह अपने पति के साथ अपने पीहर सिंहपुरा खूनीचक गई थी। उस समय उसके भाई संदीप सिंह पुत्र त्रिलोचन सिंह उर्फ तोचा निवासी खूनीचक ने उन्हें यह कहकर विश्वास में लिया कि वे ढाणी में अकेले रहते हैं और क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए उनके कीमती जेवर उसके पास सुरक्षित रख दिए जाएं। भाई की बातों में आकर पीड़िता ने अपने ससुराल पक्ष से मिले सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें सोने का हार (करीब 3.5 ग्राम), दो तोला सोने के कांटे, एक-एक तोले की दो चूड़ियां, एक तोले का कड़ा, तीन अंगूठियां तथा करीब 20 तोला चांदी की पायजेब शामिल थी, उसे सौंप दिए। कुल मिलाकर लगभग 10 तोला सोने के आभूषण आरोपी को दिए गए थे। पीड़िता ने बताया कि 28 फरवरी को रिश्तेदारी में शादी समारोह के लिए उसे जेवरों की जरूरत पड़ी, जिस पर वह अपने पति के साथ भाई के पास पहुंची। आरोपी ने उस समय यह कहकर टाल दिया कि जेवर बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखे हैं और 2-4 दिन में दे देगा। इसके बाद कई बार मांगने पर भी आरोपी टालमटोल करता रहा। करीब 15 दिन पहले जब पीड़िता फिर से अपने पति के साथ जेवर लेने पहुंची, तो आरोपी ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने जेवर गिरवी रख दिए हैं और जल्द छुड़वाकर वापस दे देगा। पीड़िता के अनुसार जब 12 अप्रैल को वह अपने पति तथा रिश्तेदार जसकरण सिंह और बलकरण सिंह के साथ दोबारा भाई के घर पहुंची और जेवरों की मांग की, तो आरोपी ने साफ इनकार करते हुए कहा कि उसने सभी आभूषण बेच दिए हैं। साथ ही उसने धमकी दी कि जो करना है कर लो, अब मेरे पास कोई जेवर नहीं है। पीड़िता का आरोप है कि सोने के भाव बढ़ने के कारण आरोपी की नीयत में खोट आ गया और उसने करीब 10 तोला सोने के आभूषण हड़प लिए। इस घटना के बाद परिवार में विवाद भी हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर आभूषणों की बरामदगी व आरोपी की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
