– पंचायत चुनाव में भाईचारा बनाए रखने और नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने का आह्वान
हनुमानगढ़। पुलिस चौकी सुरेवाला में एसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में सीएलजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम, नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने, नशे की लत से ग्रस्त लोगों को इससे मुक्त करवाने तथा पंचायत चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। एसआई लक्ष्मण सिंह ने उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग नशा बेचते हैं, उनकी सूचना पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने नशे की लत से ग्रस्त लोगों को नशा छुड़वाने में सहयोग करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी स्थिति में सामाजिक सद्भाव प्रभावित नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार लेघा, उपसरपंच सिमरन सिंह मोमी, तारा सिंह, संदीप सिंह, कलविंदर सिंह, सिंगारा सिंह, बलविंदर सिंह उर्फ बबली पीरकामड़िया, सतपाल सिंह, कुलदीप बनीवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
