हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने सूने घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि 26 मार्च 2026 को परिवादी सद्दाम हुसैन पुत्र काले खां, निवासी हाउसिंग बोर्ड हनुमानगढ़ जंक्शन ने पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ ईद के अवसर पर अपने पिता के पास खुंजा गया हुआ था। इसी दौरान 25 मार्च की रात उसके पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो देखा कि घर में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी चांदी की पायजेब, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती घड़ियां गायब थीं। अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा आरोपियों की तलाश के लिए विशेष कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कसवां के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निक्कूराम और उनकी टीम ने मानवीय सूचना तंत्र व क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप सिंह उर्फ सुखदीप सिंह उर्फ सीलू पुत्र हंसा सिंह मजबी सिख, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 20 आनंद विहार आईटीआई कॉलोनी, हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें पायजेब, बिछिया और चैन शामिल हैं, बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने पूर्व में और किन-किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम में एएसआई निक्कूराम, उपनिरीक्षक पलटूदास और हेड कांस्टेबल विनोद शामिल रहे। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल विनोद की विशेष भूमिका रही।
