हनुमानगढ़। जिले को नशामुक्त, अपराधमुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे सेफ सिटी अभियान के तहत बुधवार को सेफ सिटी टीम ने कार्रवाई करते हुए जंक्शन क्षेत्र में चिट्टे का सेवन कर रहे दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों युवकों को मौके पर पहुंची जंक्शन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार सेफ सिटी टीम को सूचना मिली थी कि कड़वासरा मार्केट के पीछे स्थित खाली पड़ी दुकानों एवं खंडहरनुमा भवन में बाइक पर आए दो युवक चिट्टे का सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को नशा करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए जंक्शन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में चल रहे सेफ सिटी अभियान के तहत शहर के खंडहर, सुनसान स्थानों और असामाजिक गतिविधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर वहां निगरानी बढ़ाई जा रही है, जहां नशेड़ी एवं असामाजिक तत्व एकत्र होकर नशा करते हैं। पुलिस इन स्थानों से ऐसे लोगों को खदेड़ने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रख रही है। पुलिस के अनुसार 10 मोटर साइकिलों और 20 पुलिस जवानों की विशेष टीम शहर में लगातार गश्त कर रही है। अभियान का उद्देश्य नशा करने वालों और नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशेड़ियों में कानून का भय पैदा करना, आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा हनुमानगढ़ को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है।
