हनुमानगढ़। माय भारत हनुमानगढ़ के तत्वावधान में राजकीय सावित्री बाई फुले महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत मंगलवार को स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता, सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस मौके पर जिला युवा अधिकारी प्रीति एवं लेखा एवं कार्यक्रम सहायक गौरव चुघ ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। सेवा पखवाड़ा के तहत छात्रावास परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें छात्रावास की युवतियों एवं उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की शपथ भी दिलवाई गई। उपस्थितजनों ने नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस मौके पर एमटीएस विजय कुमार, योगेंद्र सिंह, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सीमा देवी एवं छात्रावास अधीक्षक शीलपाल कौर सहित छात्रावास की युवतियां मौजूद रहीं।
