हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के नए सत्र के तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। 22 से 24 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को एनएसएस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उन्हें समाज सेवा से जोड़ना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. भावना ने की। उन्होंने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। एनएसएस विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनमोल शर्मा तथा वर्तमान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरण ढिल, ममता, डॉ. राजकुमार एवं विजय सिंह ने विद्यार्थियों को एनएसएस के इतिहास, प्रतीक चिह्न और ‘नॉट मी बट यूÓ यानी ‘मैं नहीं, आपÓ के मूल सिद्धांत की जानकारी दी। उन्होंने वर्षभर आयोजित होने वाली नियमित गतिविधियों एवं विशेष शिविरों के बारे में भी बताया। वक्ताओं ने कहा कि एनएसएस से जुड़कर विद्यार्थी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ अपने व्यक्तित्व का भी सर्वांगीण विकास कर सकते हैं। वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। इससे प्रेरित होकर कई नव-प्रवेशित विद्यार्थियों ने एनएसएस इकाई से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराया। कार्यक्रम में डाक विभाग की कोमल ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी। उन्होंने जीरो बैलेंस पर बैंक खाता खुलवाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उनके प्रयास से कार्यक्रम के दौरान ही कई छात्र-छात्राओं के जीरो बैलेंस खाते खोले गए। विशेष वक्ता सूचना सहायक शीनु शर्मा ने राजस्थान सरकार के आईस्टार्ट स्टार्टअप कार्यक्रम के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को उद्यमिता, नए विचारों और नवाचार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर कॉलेज स्टाफ से डॉ. शिशुपाल, भागवंती, कृति गोयल, धोलूराम, प्रीति अग्रवाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। समापन पर सभी को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की शपथ दिलाई गई।
